कौशलेन्द्र पाण्डेय/भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच शनिवार को एक बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया। पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। दोनों अधिकारियों के बीच हुई बातचीत में यह सहमति बनी कि भारतीय मानक समयानुसार शाम 5:00 बजे से भूमि, आकाश और समुद्र—तीनों मोर्चों पर सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर दी जाएगी।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष ब्रीफिंग में इस घटनाक्रम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को इस युद्धविराम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके तहत सेना को मोर्चों से पीछे हटने के आदेश जारी किए गए हैं।
आगे की रणनीति को लेकर 12 मई को दोपहर 12 बजे दोनों देशों के DGMO एक बार फिर आपसी बातचीत करेंगे। यह पहल अमेरिका, सऊदी अरब और तुर्की की मध्यस्थता से संभव हो पाई है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप की विशेष भूमिका रही।
यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है।