सीतामढ़ी,
भारत-नेपाल में सीमा को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिहार के सीतामढ़ी से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल शस्त्र बल की ओर से फायरिंग की गई है, जिसमें खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
दरअसल, नेपाल के नए नक्शे को लेकर भारत और पड़ोसी देश नेपाल के बीच तनाव जारी है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाके को अपना हिस्सा बताया है। उसका दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं। नेपाल ने अपना नया नक्शा भी जारी कर दिया जिसमें ये तीनों क्षेत्र उसके अंतर्गत दिखाए गए हैं। नेपाल के इस कदम से भारत के साथ उसके रिश्तों पर गहरा असर पड़ रहा है। हालांकि, भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि इस सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए आगे बढ़ना होगा।
कौशलेन्द्र पाण्डेय